
Jaipur. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कैबिनेट के युवा एवं खेल मंत्री अशोक चांदना का ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें मंत्री अशोक चांदना अपने राजू गुर्जर नामक एक कार्यकर्ता को धमका रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक अशोक चांदना के विधानसभा क्षेत्र से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ने का प्रयास कर रहे राजू गुर्जर को फोन करके अशोक चांदना ने धमकी दी है कि वह उसके बाप की औलाद है तो चुनाव लड़के दिखाए।
करीब 2:30 मिनट के इस वायरल ऑडियो में अशोक चांदना गाली गलौज भी कर रहे हैं और जिस राजू गुर्जर से बात हो रही है, उसको अवैध ठेके दिलाने और जमीन से उठाकर यहां तक पहुंचाने का दावा भी कर रहे हैं।
अशोक चांदना के इससे पहले एक मीणा समाज से आने वाले बिजली विभाग में कार्यरत अधिकारी के साथ गाली गलौज का वीडियो वायरल हो चुका है, जिसके बाद मुकदमा भी दर्ज हुआ था और मंत्री को बड़ी मुश्किल से गहलोत सरकार के द्वारा बताया गया था।
इससे पहले भी मंत्री अशोक चांदना की कई ऑडियो और वीडियो वायरल हो चुके हैं। अक्सर देखने में आता है कि मंत्री चांदना अपने कार्यकर्ताओं और लोगों को धमकाते रहते हैं।
खेल मंत्री अशोक चांदना को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कैबिनेट में उनके सबसे खास मंत्रियों में से एक माना जाता है। कहा जाता है कि सचिन पायलट के तौर पर गुर्जर समाज से आने वाले अशोक चांदना को अशोक गहलोत के द्वारा साधा गया है।
अशोक चांदना का यह ऑडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि, सरकार की तरफ से है या मंत्री चांदना की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।