
बाड़मेर। जिले के समदड़ी पंचायत समिति की प्रधान पिंकी चौधरी की लव स्टोरी को एक महीना पूरा हो गया है। आज ही के दिन एक माह पहले पिंकी प्रधान ने अपने पति अर्चन चौधरी से सामाजिक बैठक में समझौता कर तलाक लिया था।
इसके बाद पिंकी प्रधान ने अपने आशिक अशोक चौधरी के साथ ब्याह रचाया। कोर्ट में दोनों ने विधिवत विवाह किया और उसके बाद से पिंकी प्रधान अपने नए पति अशोक चौधरी के साथ रह रही है।
इससे पहले की कहानी यह है कि पिंकी प्रधान का पति अर्चन चौधरी कारोबार के सिलसिले में हैदराबाद रहता था और पिंकी प्रधान का कहना था कि वह अपने प्रेमी अशोक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहना चाहती थी।
20 अगस्त की पिंकी प्रधान अपने ससुराल से अपने पिता के घर जाने की बात कहकर निकली थी, किन्तु वहां पहुंची ही नहीं। इसके चलते उसके पिता ने थाने में गुमसुदगी दर्ज करवाई।
मामला राजनीतिक होने के कारण समदड़ी थानाधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक के हाथ पांव फूल गए। एसपी ने थानाधिकारी की अगुवाई में एक टीम का गठन कर पिंकी चौधरी को ढूंढना शुरू किया। पुलिस को पता चला कि वह अपने पिता के घर है, किन्तु वहां नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर पिंकी प्रधान को अशोक चौधरी के जोधपुर वाले घर से बरामद किया। प्रधान पिंकी चौधरी ने बताया कि वह अपनी मर्ज़ी से गई थी, उसका कोई अपहरण नहीं हुआ था और वह लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
पिंकी प्रधान ने बताया कि वह आगे भी अशोक के साथ लिव इन मे रहना चाहती हैं। हालांकि, पिंकी ने यह भी कहा कि अभी तक उसने अशोक से शादी नहीं की है।
इसके बाद पिंकी प्रधान के ससुराल पक्ष ने पीहर पक्ष से सहमति बनाई। दोनों के बीच सहमति से पिंकी प्रधान का समाज की बैठक में पति अर्चन चौधरी से तलाक हुआ। और फिर पिंकी प्रधान ने अपने आशिक अशोक चौधरी से कोर्ट मैरिज कर ली। इसको आज एक माह पूर्ण हो चुका है। पिंकी प्रधान के साथ उसका एक बेटा भी है।
हालांकि, पिंकी प्रधान के नाम से मशहूर पिंकी चौधरी की लव स्टोरी का अंत और शादी हुए एक माह पूर्ण हो चुका है, किन्तु महज 21 साल की उम्र में भाजपा के टिकट पर प्रधान बनी नई नवेली दुल्हन पिंकी को लेकर इलाके के लोग आज भी चटखारे लेकर चर्चा करते रहते हैं।