
नई दिल्ली
1980 और 1990 के दशक में देश में सबसे चर्चित रहे दो धारावाहिक रामायण और महाभारत एक बार फिर से दूरदर्शन पर शुरू होने जा रहे हैं। प्रसार भारती इसको लेकर तैयारियां शुरू कर रहा है और आज रात तक इसके समय और तारीख की घोषणा कर देगा।

प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशि शेखर ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। शशि शेखर ने कहा है कि इसकी तमाम संभावनाओं और तकनीकी चीजों को लेकर काम किया जा रहा है और संभावना है कि आज शाम तक इसकी घोषणा कर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बी आर चोपड़ा के द्वारा अत्यंत सफल धारावाहिक महाभारत का 1980 के दशक में प्रसारण किया गया था, उसके किरदार दिलो-दिमाग में जमे हुए हैं।

उससे पहले 1980 के दशक में रामानंद सागर के द्वारा रामायण का निर्माण किया गया था। रामायण के वक्त देश में काफी कम टेलीविजन थे, पूरा गांव एक टेलीविजन पर रामायण देखा करता था।
इंटरनेट के जमाने में वर्तमान पीढ़ी को रामायण और महाभारत के बारे में जानकारी नहीं है। कोरोनावायरस के चलते पूरा देश अगले 21 दिन तक लॉक डाउन है और आगे भी बढ़ सकता है। ऐसे में घर पर रहने वाले लोगों के लिए रामायण और महाभारत देखना एक नया और रोचक अनुभव हो सकता है।