
जयपुर।
राजधानी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वैशाली नगर में शातिर बदमाशों ने पहले बगल का प्लॉट खरीदा, फिर वहां टीनशैड लगाकर बेसमेंट खोदने के बहाने पड़ौस में रहने वाले डॉक्टर के मकान में फर्श के नीचे दबे खजाने में सेंधमारी कर डाली।
बदमाशों के द्वारा डॉक्टर के फर्श के नीचे दबे खजाने में 200 किलो चांदी चुरा ली। अब डॉक्टर ने मामला दर्ज करवाया है। डॉक्टर जयपुर के जाने माने हेयर ट्रांसप्लांट करने वाले डॉ. सुनीत सोनी हैं। डॉ. सोनी ने बताया कि उन्होंने जब गुरुवार को फर्श तुड़वाकर स्थिति को देखा तब इसकी जानकारी मिली।
हालांकि, डॉक्टर ने मुकदमे में चांदी की कीमत या फिर वजन का जिक्र नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि करीब 200 किलोग्राम चांदी थी, जो डॉक्टर ने बताई है कि उनके पुरखों की थी। इसको सुरक्षा की दृष्ठि से लोहे के बक्सों में डालकर जमीन में गाढ़ रखी थी। इन बक्सों की उंचाई आधा फीट, चौड़ाई 3 फीट ओर लंबाई भी 3 फीट थी। इसके हिसाब से देखा जाये तो चांदी करीब 400 किलोग्राम होती है।
पुलिस ने बताया कि डॉक्टर के पीछे वाला मकान खाली था, जो कि 20 बरस से यूं ही पड़ा हुआ था। इसको डॉक्टर के परिचित ने ही कुंडा निवासी बनवारी लाल जांगिड़ के नाम से श्याम नगर के रहने वाले शिखर अग्रवाल ने क्रय किया था। बहरहाल, पुलिस ने बनवारी लाल को पकड़ लिया है।